बाबा के दरबार में पहुंचे ‘हनुमान अंश’ के शोभिनव सत्या

कैंची धाम में टेका माथा, लिया बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद; पुलिस की व्यवस्थाओं को सराहा, श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील

नैनीताल। बाबा नीम करौली महाराज की नगरी कैंची धाम में बुधवार को आस्था और सिनेमा का खूबसूरत संगम देखने को मिला। चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के अभिनेता शोभिनव सत्या अपनी टीम के साथ कैंची धाम पहुंचे और बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में शीश नवाया। मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने बाबा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।

कैंची धाम पहुंचते ही शोभिनव सत्या ने बाबा नीम करौली महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह स्थान केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है।

पुलिस की व्यवस्था देख बोले- सेवा भाव सराहनीय

धाम में लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में जुटे नैनीताल पुलिस और उत्तराखंड पुलिस के जवानों के प्रयासों की अभिनेता ने सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ने के दौरान व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में पुलिस और प्रशासन जिस जिम्मेदारी और सेवा भाव से अपनी ड्यूटी निभाते हैं, वह सराहनीय है।

शोभिनव सत्या ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यवस्था बनाए रखना सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु की भी जिम्मेदारी है।

नियम मानेंगे तो सुगम होंगे बाबा के दर्शन

अभिनेता ने कहा कि कैंची धाम में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से श्रद्धालु स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे और दूसरे लोगों को भी बिना परेशानी बाबा के दर्शन का अवसर मिलेगा।

रागिनी सोना और पूर्णिमा तिवारी को स्मृति चिह्न

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल ने अभिनेता शोभिनव सत्या के साथ मौजूद रागिनी सोना और पूर्णिमा तिवारी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

कैंची धाम की यात्रा के दौरान अभिनेता शोभिनव सत्या ने बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। वहीं, उनकी ओर से श्रद्धालुओं से व्यवस्था में सहयोग की अपील ने भी लोगों का ध्यान खींचा।