उत्तराखंड : सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल शुक्ला घूस लेते धरा


बागेश्वर न्यूज़ :- बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुबोध शुक्ला (सेनि.) को विजिलेंस ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सैनिक कल्याण विभाग में उपनल से तैनात सेवानिवृत्त कर्मी से सेवा विस्तार के एवज में रिश्वत लेने का आरोप अधिकारी पर है। विजिलेंस ने आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
विजिलेंस हल्द्वानी सेक्टर के सीओ अनिल सिंह मनराल ने बताया कि बागेश्वर में सैनिक कल्याण विभाग में उपनल के जरिए तैनात सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने शिकायत दी। उसने बताया कि सेना से रिटायर होने के बाद वह उपनल के जरिए सैनिक कल्याण विभाग में कार्यरत है। उनका 11 महीने का अनुबंध होता है। आरोप लगाया कि अनुबंध बढ़ाने के एवज में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उनसे 90 हजार रिश्वत मांग रहा थे। 50 हजार में सौदा तय हुआ। शनिवार को टीम ने बागेश्वर के सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार किया। कर्नल शुक्ला (सेनि.) बांधीगढ़ जिला उमरिया, मध्य प्रदेश के मूल निवासी हैं।