उत्तराखंड : यूपी की महिला की भीमताल झील में मिली लाश! हाथ पर मेहंदी से लिखा था युवक और पति का नाम….

भीमताल न्यूज़ :- बीते 7 जून शनिवार को भीमताल झील में मिली महिला की लाश की काफी छानबीन के बाद पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। पुलिस ने विभिन्न थानों को मृतक महिला की फोटो भेजी, ताकि पहचान हो सके। जिसके बाद महिला के पति ने हल्द्वानी पहुंचकर शव की पहचान की और एक युवक पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को भीमताल में मोआना ग्रांड होटल के पास झील में एक महिला का शव मिला था। पुलिस को मौके से और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। जिसके बाद पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए हल्द्वानी स्थित मॉर्चरी भेज दिया। इसके अलावा विभिन्न थानों को मृतका की फोटो भेजी, ताकि पहचान हो सके।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को उरई, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश के रहने वाले ऋषि तिवारी हल्द्वानी पहुंचे। मॉर्चरी में उन्होंने शव देखकर उसकी पहचान पुष्पा तिवारी के रूप में की। जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव उन्हें सौंप दिया। जानकारी देते हुए मृतक महिला के पति ऋषि ने बताया कि उनकी पत्नी के ससुराल और मायके में ज्यादा दूरी नहीं है। पत्नी काफी समय से अपने मायके थी।

बताया कि बीती 27 मई को अचानक वह तैयार हुई और घरवालों से यह कह कर निकली कि वह ससुराल जा रही है। इसके बाद सूटकेश लेकर वह निकल गई, लेकिन मायके नहीं पहुंची। रात गुजर गई तो अगले दिन उन्होंने उरई थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सोमवार को उन्हें जानकारी मिली कि एक महिला का शव भीमताल झील में मिला है और शिनाख्त के लिए शव हल्द्वानी स्थित मॉर्चरी में रखा गया है।

पति ने हल्द्वानी पहुंचकर की शिनाख्त, एक युवक पर लगाया हत्या का आरोप

जिसके बाद मंगलवार को वह कुछ लोगों के साथ हल्द्वानी पहुंचे और शव की पहचान पत्नी पुष्पा के रूप में की। पति का आरोप है कि पुष्पा एक युवक के साथ निकली थी। वहीं युवक उसे भीमताल लेकर आया और हत्या कर शव को झील में फेंक दिया। भीमताल थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि उन्हें अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हाथ पर मेहंदी से लिखा था युवक और पति का नाम

पुलिस को महिला के हाथ पर मेहंदी से लिखे युवक और पति नाम के आधार पर सफलता मिली। युवक का नाम अभिषेक और पति का नाम ऋषि लिखा था। घटना के बाद आसपास के होटलों में चेकिंग कर उक्त नाम का मिलान किया गया तो भीमताल के एक होटल में अभिषेक संग महिला के रुकने की पुष्टि हुई। इस पर महिला के फोन नंबर से हुई कॉल के आधार पर उक्त युवक की पहचान हो पाई। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पूरी प्लानिंग से यहां आया था। वह महिला को लेकर 29 मई को निकला और उसने दो दिन पहले यानी 27 मई को नया सिम खरीदा था। बताया जा रहा है कि उसने देर रात एक बजे से लेकर ढाई बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर इसका खुलासा हुआ है। बताया गया कि युवक महिला के घर के पास का ही रहने वाला है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।