देहरादून : अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी खिलाड़ियों को जीत की शुभकामनाएं

देहरादून न्यूज़ :- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रायपुर, देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित 28वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ किया। देशभर के 42 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 3,390 खिलाड़ियों वाली टीमों ने इस भव्य आयोजन में भाग लिया, जिनमें 700 से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “खेल व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।” उन्होंने वन अधिकारियों और खिलाड़ियों की फिटनेस को वन संरक्षण के लिए आवश्यक बताते हुए राज्य में विकसित की जा रहीं खेल अकादमियों, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खिलाड़ियों को दी जा रही सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड ने हाल ही में ग्रीन गेम्स थीम पर 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया और 2.77 हेक्टेयर में विकसित खेल वन में 1,600 से अधिक रुद्राक्ष के पौधों का रोपण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण के लिए ड्रोन सर्विलांस, GPS ट्रैकिंग, डॉग स्क्वॉड जैसे आधुनिक प्रयासों का जिक्र किया और मानव-वन्यजीव संघर्ष में मुआवजा ₹6 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने की जानकारी दी। उन्होंने केंद्रीय मंत्रालय से हल्द्वानी जू सफारी और स्नो लेपर्ड कंज़र्वेशन सेंटर की स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, विधायक उमेश शर्मा ‘काउ’, प्रमुख वन संरक्षक सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।