हल्दूचौड़ : मीणा भट्ट को हराकर गीता बिष्ट बनीं ग्राम प्रधान, दूसरी बार संभालेंगी जिम्मेदारी

हल्दूचौड़ न्यूज़ :- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में हल्दूचौड़ क्षेत्र की जग्गी ग्राम सभा से गीता बिष्ट ने बड़ी जीत हासिल की है। गीता बिष्ट ने अपने प्रतिद्वंदी मीणा भट्ट को 108 वोटों के अंतर से हराकर दोबारा ग्राम प्रधान का पद अपने नाम किया।

गौरतलब है कि गीता बिष्ट इससे पहले भी ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। उनके पति इंदर सिंह बिष्ट दो बार ग्राम प्रधान रहे हैं और गीता बिष्ट का यह दूसरा कार्यकाल होगा। ग्राम सभा के विकास में बिष्ट परिवार का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

जीत के बाद गीता बिष्ट ने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम सभा में मूलभूत सुविधाओं का विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता होगी।

ग्राम सभा के मतदाताओं ने गीता बिष्ट की जीत को उनके पूर्व के कार्यों और जनता से गहरे जुड़ाव का नतीजा बताया है। जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है और पूरे क्षेत्र में जश्न मनाया जा रहा है।