देहरादून : घूसखोर सैनिक कल्याण अधिकारी शुक्ला बर्खास्त


देहरादून न्यूज़ :- रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुए बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुबोध शुक्ला (सेनि) को बर्खास्त कर दिया गया है। सैनिक कल्याण सचिव दीपेंद्र कुमार चौधरी ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए।
सैनिक कल्याण विभाग में उपनल के जरिए कार्यरत पूर्व सैनिक की घूस मांगने की शिकायत पर विजिलेंस ने 24 मई को शुक्ला को गिरफ्तार किया था। सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर अमृतलाल ग्वाड़ी (सेनि) ने बीते रोज शासन को मामले में रिपोर्ट भेजी थी।
सैनिक कल्याण सचिव ने बताया कि जिला सैनिक कल्याण अधिकारी का पद संविदा आधारित है। इस पर शुक्ला को 14 जुलाई 2022 को सशर्त नियुक्ति मिली थी। विभागीय निदेशक की रिपोर्ट के बाद शुक्ला की संविदा सेवा/अनुबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। इस संबंध में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की नीति है। प्रदेश में भ्रष्टाचार किसी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भ्रष्टाचारियों के खिलाफ यहां करें शिकायत
उत्तराखंड में सरकारी विभाग में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी घूस मांग रहा है तो फौरन हेल्पलाइन नंबर- 1064 पर कॉल कर इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से करें। साथ ही हेल्पलाइन नंबर-9456592300 पर भी भ्रष्टाचार की शिकायत की जा सकती है। किसी अफसर-कर्मचारी द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की जानकारी भी उक्त नंबरों पर दी जा सकती है।